विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

घोसी (मऊ) । भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में घोसी विधानसभा के अंतर्गत सरायसादी स्थित जूनियर हाईस्कूल मैदान में रविवार को आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी की विजय सुनिश्चित है। आने वाले 5 सितम्बर को अपने मतदान की बदौलत घोसी विधानसभा के मतदाता भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलाएंगे। हमारा एक एक कार्यकर्ता विरोधियों के दस दस कार्यकर्ताओं पर भारी है। हमारी सरकार में हर जाति हर वर्ग का हित सुरक्षित है। भाजपा सरकार में शोषित और वंचित वर्ग के साथ न्याय किया जाता है जबकि अन्य विरोधी पार्टियां सिर्फ उनको वोट बैंक की तरह प्रयोग करती हैं। यह उपचुनाव आने वाले समय में बड़ा संदेश देने वाला है। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी  सरकार बिना किसी भेदभाव के हर व्यक्ति को योजनाओ का लाभ दे रही है।

उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में सैफई का विकास ही प्रदेश का विकास मान लिया गया था,जबकि हमारी सरकार ने सबका साथ सबका विकास को लेकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया है। आप सब संकल्प लें कि भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताकर विरोधी की जमानत जब्त करवाएंगे। हमारी सरकार की उपलब्धियां देश और दुनिया में चर्चा और शोध का विषय बन गई हैं। चुनाव प्रचार में विरोधी बरगलाने की कोशिश करेगा लेकिन हमें उनको जवाब देकर निरुत्तर कर देना है।श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक इतने उत्साह से मतदान करें कि समाजवादी पार्टी समप्तवादी पार्टी हो जाए। 

    भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान ने कहा कि इस जनसभा में उपस्थित भीड़ इस बात का सबूत है कि इस चुनाव में हर बूथ पर कमल का परचम लहराएगा। उपचुनाव में हर वर्ग व हर जाति का वोट कमल को मिलने वाला है। भाजपा प्रत्याशी ने आह्वान किया कि आगामी मतदान दिवस पर हर घर हर गांव से भारी मतदान होना चाहिए। घोसी विधानसभा में हर मतदाता ने मन बना लिया है की भाजपा को वोट देकर विकासवादी सरकार को मजबूत बनाना है।

   सुभासपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यहां उपस्थित प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है की अपने और पड़ोसियों को मतदान स्थल तक लेकर जाए और हमारे प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को भारी मतों से विजई बनाए। दूसरों को दलबदलु बोलने वाले समाजवादी पार्टी वाले सबसे बड़े दलबदलू हैं। सपा की सरकार बनाने में जिन लोगों ने भी सहयोग किया सपा वालों ने उनके साथ धोखा किया। पिछड़े के नाम पर सपा वालों ने सिर्फ एक जाति का भला किया और अन्य जातियों के साथ छल किया। सुभासपा अध्यक्ष ने दावा किया की भाजपा प्रत्याशी पचास हजार से अधिक मतों से चुनाव जीतेंगे।

    निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा० संजय निषाद ने कहा की आज चुनावी भाषण सुनने का समय नहीं है बल्कि अपनी भाषा में वोट मांगकर अपने प्रत्याशी को भरी मतों से विजयी बनाना है। यह चुनाव एक एक कार्यकर्ता लड़ रहा है।हमारे लोगों को भाजपा सरकार में अपना अधिकार मिल रहा है और मिलेगा। विरोधी दल की सरकारों ने हमारे हिस्से को लूट कर अपने लोगों को फायदा पहुंचाया। विपक्ष के लोग सिर्फ भाषण दे सकते है किंतु हमारी गठबंधन सरकार अधिकार देती है। सपा बसपा और कांग्रेस की सरकार ने हमारे भाइयों का हक मारा लेकिन अब स्थितियां बदल चुकी है अब हम अपना अधिकार छिनना जान चुके हैं। निषादों का हिस्सा निषादों को अब मिलकर रहेगा।

     जनसभा को नगर विकास व ऊर्जा मंत्री ए० के० शर्मा, सूर्यप्रताप शाही, अनिल राजभर, दयाशंकर सिंह विजयलक्ष्मी गौतम, गिरिशचंद यादव, धर्मवीर प्रजापति आदि मंत्रियों ने संबोधित किया।

जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता की अध्यक्षता व अरिजीत सिंह के संचालन में चली इस जनसभा में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय, पूर्व सांसद हरिनारायन राजभर, पूर्व विधायक विजय राजभर, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, योगेंद्रनाथ राय, सुनील कुमार गुप्त, मनोज राय, शकुंतला चौहान, उमेशचंद पाण्डेय,  अरुण राजभर, अजय जायसवाल लालचंद चौहान, उत्पल राय देवेंद्र सिंह, आनंद प्रताप सिंह, गनेश सिंह, रामाश्रय मौर्य, भाष्कर निषाद आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button