खौफनाक: दिल्ली में ‘मानव बलि’ के नाम पर मासूम की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के लोधी कालोनी में दो लोगों ने कथित तौर पर ‘मानव बलि’ के नाम पर एक छह वर्षीय बच्चे की गला रेतकर हत्या कर उसके माथे पर भी हमला किया गया। रविवार को पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान विजय कुमार और अमर कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने के समय आरोपी नशे में थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी और मृत बच्चे के माता-पिता मजदूर के रूप में काम करते हैं। उन्होंने कहा कि विजय और अमर ने अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया है कि उन्होंने ‘‘समृद्धि’’ हासिल करने के लिए बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि ये सभी एक ही झुग्गी में रह रहे थे।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा कि शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे जब बच्चा अपने शेड में जा रहा था तो आरोपी ने उसे खाना बनाने वाले स्थान पर बुलाया तथा पहले उसके सिर पर वार किया और फिर गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि लड़के के पिता के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button