प्रधानमंत्री संग्रहालय का गृहमंत्री ने पत्नी सोनल शाह के साथ दौरा किया
| |
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपनी पत्नी सोनल शाह के साथ सोमवार को यहां प्रधानमंत्री संग्रहालय (Prime minister Museum) पहुंचे। दोनों ने प्रधानमंत्री संग्रहालय में देश के सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों और उनकी उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले माह 14 अप्रैल को ही प्रधानमंत्री संग्रहालय का उदघाटन किया था। प्रधानमंत्री संग्रहालय (Prime minister Museum) में अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों के बारे में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई गई है। आजादी के बाद से देश की हर महत्वपूर्ण घटना की जानकारी को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। संग्रहालय में आने वाले लोग अपने पसंदीदा प्रधानमंत्री के साथ यहां तस्वीर भी ले सकते हैं।
राष्ट्रीय राजधानी (National Capital) के तीन मूर्ति मार्ग पर 10491 वर्गमीटर में 306 करोड़ की लागत से बना यह संग्रहालय नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी (Museum Nehru Memorial Museum and Library) का हिस्सा है। करीब ढाई साल में तैयार हुए इस म्यूजियम में 23 गैलरी बनाई गई हैं। यहां शाम को लाइट शो का भी आयोजन किया जाता है। इसके साथ ही लाइट, साउंड और विजुअल ग्राफिक्स (Light, sound and visual graphics) के साथ भारतीय सेना की शौर्यगाथा और उपलब्धियों को भी बयां किया गया है।




